भोपाल / कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी हुआ घायल
ईओडब्ल्यू मुख्यालय के पास दुर्गा नगर चौराहे पर मंगलवार रात कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
एमपी नगर पुलिस के मुताबिक राजीव नगर बस्ती निवासी 19 वर्षीय दिनेश राव पुताई का काम करता था। मंगलवार रात वह अपने साथी राजा खान के साथ बाइक से ईओडब्ल्यू मुख्यालय से दुर्गा नगर चौराहे होते हुए घर जा रहा था। रात करीब 11 बजे कोर्ट चौराहे से इनकम टैक्स तिराहे की तरफ आ रही कार ने दुर्गा नगर चौराहे पर उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दिनेश और राजा घायल हो गए।
दिनेश काफी दूर तक घसीटता हुआ गया था। उसको गंभीर चोट थी। दोनों घायलों को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां बुधवार की तड़के दिनेश की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।